राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों उत्तर भारत के दौरे पर हैं। मोहन भागवत पहले बिहार की यात्रा की और अब झारखंड प्रवास पर हैं। आज मोहन भागवत का जन्मदिन भी है। उनके जन्मदिन पर कोई खास कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। उनका आज का दिन भी सामान्य दिनों की तरह रहा। झारखंड के धनबाद के तीन दिवसीय दौरे पर आए सरसंघचालक आरएसएस के पदाधिकारियों से मिलकर संगठन की जानकारी हासिल कर रहे हैं। बता दें कि मोहन भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुआ था। मोहन भागवत 2009 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक हैं।
आरएसएस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि झारखंड में लोगों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक के जन्मदिन समारोह की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
जन्मदिवस पर कोई समारोह आयोजित नहीं
जन्मदिवस होने पर भी उनकी दिनचर्या अन्य दिनों की तरह ही रही। कोई समारोह आयोजित नहीं हुआ। धनबाद में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर स्थित कार्यकर्ता बैठक स्थल पर सुबह एकत्रीकरण हुआ। इसके बाद संघ प्रमुख ने सुबह 10 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें शीर्ष 20 पदाधिकारी शामिल हुए।