झारखंड के दुमका जिले में आबकारी विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार (28 मई) को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 लाख रुपये की अवैध शराब की 1500 पेटियां जब्त की। बता दें, गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने छापेमारी के दौरान एक ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया। झारखंड में पहली बार आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब की इतनी बड़ी खेप दुमका के जामा थाना पुलिस की मदद से बरामद की।
हिमाचल की हैं ज्यादातर बोतलें
छापेमारी के बाद आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि जब्त शराब की ज्यादातर बोतलें हिमाचल प्रदेश की हैं, जिसे तस्कर बिहार में खपाने की फिराक में थे। विभाग को दुमका जिले के जामा क्षेत्र में बने बालू माफिया अमर मंडल के एक गोदाम में यह अवैध कारोबार चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली। ऐसे में टीम ने अमर मंडल के गोदाम में छापेमारी कर शराब की 1500 पेटियां बरामद की। अधिकारी ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार की देर रात जामा थाना क्षेत्र के जरपुरा गांव में छापामारी कर छह पिकअप वैन, एक हाइवा और ट्रक जब्त किया। जब्त किए गए इन वाहनों को आबकारी विभाग के गोदाम गिलानपाड़ा में भेज दिया गया।
मामले में जांच जारी
भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त करने के साथ ही इस कारोबार से जुड़े बिहार के शेखपुरा के रहने वाले मुस्तफा खान को भी गिरफ्तारी किया गया है। मुस्तफा पेशे से ड्राइवर है, जो अवैध शराब की खेप ट्रक पर लोड करके बिहार ले जाता था और वहां इस कारोबार से जुड़े लोगों को इसकी डिलीवरी देता था। उत्पाद विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश से लाई गई शराब की बोतलों को दुमका में डंप किया गया था। फिलहाल, विभाग पूरे मामले में आगे की जांच में जुटी है। साथ ही शराब तस्कर गिरोह के सदस्यों की खोज जारी है।