झारखंड के लोहरदगा में बीते रविवार को हुई हिंसा में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने आज दम तोड़ दिया। मृतक लातेहार जिले का रहने वाला है। स्थिति अब शांतिपूर्ण है। जिला प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है। बता दें कि झारखंड के लोहरदगा और बोकारो में रविवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान जमकर हिंसा हुई। पहली घटना लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में हुई, जबकि दूसरी घटना बोकारो के बेरमो इलाके में दर्ज की गई। दोनों जगह रामनवमी पर निकले जुलूस को निशाना बनाया गया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई। उपद्रवियों ने मेले को आग के हवाले करने की कोशिश की। हालांकि, प्रशासन ने समय रहते हालात को संभाल लिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
लोहरदगा में बवाल
जानकारी के मुताबिक, लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में जुलूस पर पत्थर फेंके गए। देखते ही देखते हिरही और उसके आसपास के गांवों में बवाल मच गया। उपद्रवियों ने दर्जन भर वाहनों को फूंक डाला। सदर थाना क्षेत्र के भोक्ता बगीचा में रामनवमी मेला में कुछ उपद्रवियों ने पथराव की घटना के बाद आग लगा दी। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। इस घटना में तीन लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं।
बोकारो में भी पथराव
इसके अलावा बोकारो के बेरमो इलाके में रामनवमी पर फुसरो के राजाबेड़ा स्थित गंजू मोहल्ला में बाइक जुलूस पर पथराव किया गया। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित एसडीओ, डीएसपी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने में जुटे गए। पुलिस ने बाइक जुलूस को वहीं रोक दिया।
हिरही गांव में धारा 144 लागू
रामनवमी के अवसर पर दो गुटों के बीच हुई पथराव व मारपीट सहित झड़पों को देखते हुए लोहरदगा के हिरही गांव में धारा 144 लागू कर दी गई है। अनुविभागीय दंडाधिकारी अरविन्द कुमार लाल ने इसकी जानकारी दी है।