अदालत में पेश किए गए विदेशी महिला से दुष्कर्म के आरोपी
- फोटो : सोशल मीडिया
झारखंड के दुमका जिले में एक स्पेनिश पर्यटक के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को रविवार को एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने कहा, राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा पुलिस थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार रात स्पेन की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था, जहां वह अपने पति के साथ एक तंबू में सो रही थी।
आरोपियों का बयान सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया है। लगभग 28 वर्षीय महिला और उसका 64 वर्षीय पति दो मोटरसाइकिलों पर बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे, और बिहार के रास्ते नेपाल जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा, महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। अपराध में शामिल सात लोगों में से अन्य चार की पहचान कर ली गई है, उनकी तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस नई दिल्ली में स्पेन के दूतावास के संपर्क में है। उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी जा रही है।
राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य ने की मुलाकात
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने भी पीड़िता से मुलाकात की है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति उजागर हो गई है। आयोग ने झारखंड के दुमका में सामूहिक दुष्कर्म की निंदा की और कहा कि मामले की जांच में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। एनसीडब्ल्यू ने झारखंड के दुमका में एक स्पेनिश पर्यटक के साथ क्रूर सामूहिक बलात्कार की निंदा की। एनसीडब्ल्यू को सूचित किया गया है कि आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।
स्पेनिश दूतावास ने कार्रवाई के लिए दिया धन्यवाद
भारत में स्पेनिश दूतावास ने अधिकारियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। स्पेनिश दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा, हमें दुनिया में हर जगह महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए एकजुट होने की जरूरत है।