झारखंड सरकार जल्द ही उन तीन युवकों के आश्रितों को 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक सदस्य को संविदा नियुक्ति देगी, जिनकी 14 अगस्त को राष्ट्रध्वज लगाने के दौरान करंट लगने से मृत्यु हो गई थी।
झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने रविवार को रांची जिले के कांके प्रखंड के अरसांडे गांव में शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर मैंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार एक या दो दिन में 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी भी दी जाएगी।'
बता दें, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को अपने घर की छत पर तिरंगा फहराते समय बिजली का करंट लगने से एक परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई थी। रांची पुलिस ने बताया था कि राष्ट्रध्वज फहराने के दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड घर के पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को छू गई थी। इससे करंट फैल गया था और तीन लोगों की मौत हो गई थी। सीएम सोरेन ने संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।