प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के एक मामले में झारखंड के कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। रविवार को उनसे पांच घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि साहू पूछताछ के लिए लगातार दूसरे दिन ईडी के सामने पेश हुए। इससे एक दिन पहले उनसे करीब ग्यारह घंटों तक पूछताछ चली थी। उन्होंने बताया कि साहू ने दोपहर करीब तीन बजे ईडी के दफ्तर में प्रवेश किया और रात साढ़े आठ बजे बाहर आए। साहू ने ईडी कार्यालय से बाहर आने के बाद पत्रकारों से कहा, कुछ कागजी कार्रवाई कार्रवाई चल रही थी। मैं सहयोग कर रहा था। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, कोई सवाल नहीं थे। मैंने अपना बयान दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि ईडी ने सोरेन के साथ कथित संबंधों और एक लग्जरी कार को लेकर साहू का बयान दर्ज किया है। एजेंसी के अधिकारियों ने पिछले हफ्ते झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन के आवास से लग्जरी कार जब्त की थी। छापेमारी पूरी करने के बाद अधिकारी कार को अपने साथ ले गए थे।
साहू ने शनिवार को रात पत्रकारों को बताया था कि उनसे लग्जरी वाहन के संबंध में पूछताछ की गई है। राज्यसभा सदस्य से जब पत्रकारों ने पूछा था कि ईडी ने आपसे क्या पूछताछ की है तो उन्होंने कहा, जब्त किए गए लग्जरी वाहन के बारे में पूछताछ की गई। वाहन पूर्व मुख्यमंत्री का नहीं है। इसका मालिक कोई और है। जांच जारी है।
कांग्रेस सांसद पिछले साल दिसंबर में तब चर्चाओं में आए थे, जब आयकर विभाग ने ओडिशा में बौद्ध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की थी और इस दौरान 351.8 करोड़ रुपए बरामद किए थे।