झारखंड के श्री बंशीधर नगर के एक व्यापारी को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का पीए और मंत्री बनकर बात करना भारी पड़ गया। दरअसल, व्यापारी अशोक जायसवाल ने अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़े गए विक्रेता युवक को छु़ड़वाने के लिए स्वयं को राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का पीए मनोज झा बताते हुए उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार को फोन करके आपत्तिजनक गालियां दीं थीं और युवक को छोड़ने के लिए कहा था।
आरोपी हो गए अंडर ग्राउंड
इस मामले में गढ़वा में उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने श्री बंशीधर नगर के व्यवसायी अशोक जायसवाल और एक अज्ञात व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में अशोक जायसवाल पर धारा 353, 34, 419, 420, 504, 506 के साथ-साथ 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं मामला दर्ज होने के बाद आरोपी अंडर ग्राउंड हो गए हैं। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
क्या है मामला
कुलदीप कुमार ने गाली-ग्लौज और बातचीत का ऑडियो क्लिप सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपा है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि बीते शुक्रवार को श्री बंशीधर नगर में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी कर एक युवक को अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया था। इस छापेमारी के बाद रात में करीब 10 बजे एक मोबाइल से उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन रिसीव करने पर फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को मंत्री का पीए मनोज झा बताते हुए भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरु कर दिया।
इसके बाद फोन करने वाले ने एक दूसरे व्यक्ति से बात कराया। दूसरे व्यक्ति ने स्वयं को मंत्री बताते हुए अवैध शराब के साथ पकड़े गए युवक को छोड़ने के लिए कहा। कुलदीप कुमार ने इस मामले की जानकारी अपने अधीक्षक को दी। जब मामले की जांच की गई तो पता चला कि गालियां देने वाला व्यक्ति श्री बंशीधर नगर का व्यवसायी अशोक जायसवाल है।
अशोक जायसवाल ने ही स्वयं को राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का पीए मनोज झा बताते हुए मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक गालियां दीं। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति से स्वयं को मंत्री बताते हुए फोन कराया। फोन पर उसने श्री बंशीधर नगर से अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़े गए विक्रेता युवक को छोड़ने के लिए दबाव बनाया। फिलहाल उनकी तलाश जारी है।