झारखंड सरकार ने सोमवार को कहा कि उसने हिमाचल प्रदेश से 61 मजदूरों को वापसी की सुविधा दी है, जिन पर हाल ही में स्थानीय लोगों ने कथित रूप से हमला किया था। रांची में एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि खूंटी और झारखंड के आसपास के इलाकों से 150 मजदूरों का एक समूह हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक पनबिजली परियोजना में काम करने गया था, लेकिन उनमें से कुछ ने शिकायत की कि यहां के निवासियों ने उनपर हमला कर घायल कर दिया।
विज्ञापन
इसमें कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से मजदूरों की वापसी चल रही है। अब तक 61 श्रमिक राज्य लौट चुके हैं। वे खूंटी, तोरपा, बंदगांव क्षेत्रों के रहने वाले हैं। हमले के बाद इन्होंने राज्य सरकार से अपील की थी कि उनकी वापसी सुनिश्चित कराई जाए।
बयान में कहा गया, जैसे ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस बारे में पता चला, उन्होंने अधिकारियों को उनकी वापसी में मदद करने का निर्देश दिया। राज्य के श्रम विभाग के हस्तक्षेप के बाद वापसी करने वालों का लंबित वेतन उनके बैंक खातों में जमा कर दिया गया है।