कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस के एएसआई अब्दुल रशीद की बेटी की शिक्षा के लिए आगे आए क्रिकेटर गौतम गंभीर को नन्ही जोहरा ने थैंक्यू बोला है। जोहरा अभी तीसरी कक्षा में पढ़ाई कर रही है। वह डाक्टर बनना चाहती है। शहीद पिता भी उसे डाक्टर के रूप में देखने के ख्वाहिशमंद थे।
छह साल की जोहरा ने भी तालीम में मदद पर खुशी जताई। कहा कि इससे वह सपना पूरा कर सकेगी। वहीं गौतम गंभीर के इस एलान के बाद सारे देश में उनकी सोच की सराहना की गई है। सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने गौतम द्वारा किए गए ट्वीट को रिट्वीट करते हुए उनकी प्रशंसा में कमेंट किए।
वहीं फेसबुक पर भी लोगों ने गौतम गंभीर के समर्थन में तमाम पोस्ट किए। लोगों ने न सिर्फ जोहरा के लिए उनके फैसले को सम्मान दिया बल्कि गौतम के निर्णय को अन्य लोगों को भी फॉलो करने की सलाह भी दी।