जम्मू शहर में पुरानी पाइप लाइन की जगह पर नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए सौ करोड़ का बजट मंजूर भी हो चुका है। काम बीते चार माह से टेंडर प्रक्रिया में ही अटका हुआ है। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। पाइप लाइन न बिछने के कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में पेयजल किल्लत पेश आ रही है।
मौजूदा समय में पुराना शहर, मजदूर बस्ती, रेशमघर कॉलोनी, मझीन, सिद्दड़ा, नरवाल इलाकों में पेयजल की किल्लत है। मझीन और बठिंडी में नए घर भी बन रहे हैं। यहां पर अभी तक पानी के कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। वहीं, अन्य जगहों में सदियों पुरानी बिछी पाइपों से ही पानी आ रहा है। इस कारण प्रेेशर न होने के कारण लोगों को पानी पूरा नहीं मिल पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्मी के मौसम में पेश आती है। लोगों को पानी की आपूर्ति दो-दो दिन तक नहीं होती।
पुराने शहर में पेयजल किल्लत का हल होना चाहिए। पुरानी पाइप लाइन की जगह पर नई पाइप लाइन बिछनी चाहिए। गर्मी के मौसम में काफी परेशानी पेश आती है। - बाल किशन, पुराना शहर
पुराने शहर में पाइपें नालियों के नीचे दबी हुई हैं। इस कारण लीकेज का पता नहीं चलता। जल्द से जल्द पाइप लाइन को बदला जाए। - अनिल सिंह, पुरानी मंडी
शहर में पानी की किल्लत गर्मी में बढ़ती है। अब जरूरत के हिसाब से बड़े साइज की पाइप लाइन बिछानी चाहिए। पुरानी पाइप लाइन से पानी ही पूरा नहीं हो पाता है।- रमेश चंद्र, मोती बाजार
नई पाइप लाइन बिछाने के लिए काम जोरों पर है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा। इससे गर्मी के मौसम में पेयजल किल्लत का हल भी हो सकेगा। - सुरेंद्र खजुरिया, एक्सइएन, जलशक्ति विभाग