डोडा। डोडा में सोमवार को कार के नाले में गिरने से बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह हादसा खिलानी नाला में हुआ है।
सोमवार शाम को जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर खिलानी नाला इलाके में कार (जेके06-3315) अनियंत्रित हो कर तीन सौ फुट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव एवं राहत अभियान चला कर तीनाेें को जीएमसी डोडा पहुंचाया। वहां पर डाक्टरों ने महिला सहित बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान सलमा बेगम पत्नी शकील अहमद और तन्हा पुत्री शकील अहमद और शकील अहमद पुत्र मुख्तयार अहमद निवासी खिलानी, डोडा के रूप में हुई है।