रियासत में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश व बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात 12 बजे के बाद से ही रियासत के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
वहीं, 21 फरवरी के बाद से लगातार मौसम साफ रहने से घाटी के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कारगिल और लेह में हालांकि, अभी भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे ही दर्ज किया जा रहा है।
कारगिल में माइनस 3.8 डिग्री और लेह में माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य शून्य डिग्री से छह डिग्री अधिक रहा। जम्मू में 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कश्मीर घाटी में बादल छाए रहे जबकि जम्मू संभाग में सुबह से लेकर शाम तक बीच बीच में बादलों का उमड़ना घुमड़ना जारी रहा। जम्मू से लेकर कश्मीर तक देर शाम तक क हीं भी बारिश या बर्फबारी की खबर नहीं थी लेकिन मौसम का मिजाज बदलता रहा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मंगलवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए गाड़ियां छोड़ी जाएंगी और अधिक मौसम खराब रहा तो हाईवे की हालत को देखते हुए सुबह ही ट्रैफिक को लेकर निर्देश जारी होगा।
जबकि सोमवार की देर रात बारह बजे के बाद से राज्य में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। पर्यटनस्थल गुलमर्ग व पत्नीटाप व नत्थाटाप में भी बादल छाए रहे और पर्यटकों द्वारा बर्फबारी का इंतजार किया जा रहा था।
उधर, कारगिल व लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा जिससे रियासत में सबसे ज्यादा सर्दी रिकार्ड की गई। कारगिल का न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जबकि अधिकतम तापमान 6.1 डिग्री रहा।
लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री रिकार्ड कि या गया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
जबकि अमरनाथ यात्रा आधार शिविर 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा।काजीगुंड का न्यूनतम तापमान 2.6, कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा।