कृषि विज्ञान केंद्र टांड़ा रियासी में स्थापित किया गया स्वचालित मौसम स्टेशन।
- फोटो : REASI
रियासी। जिले के किसानों को अब अपनी फसलों को बारिश से बचाने का पूरा मौका मिलेगा। उनको मौसम से संबंधित पूरी और सही जानकारी कुछ दिन पहले से ही मिल जाएगी। ताकि, वे खेतों में लगी या काट कर रखी फसल को बचा सकें।
दरअसल, जिले के टांडा डेरा बाबा में स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में स्वचालित स्टेशन को स्थापित किया गया है, जिसके जरिये जिले के किसानों को सप्ताह के दो दिन मौसम की जानकारी दी जाएगी। टांड़ा में स्थापित इस स्टेशन के जरिये किसानों को बारिश कब होनी है? व तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि कब हो सकती है? इसकी जानकारी मिलेगी। कृषि विज्ञान केंद्र में इसके लिए एक हाइटेक सेंसर यूनिट बनाया गया है, जहां कार्यरत कर्मचारी किसानों को व्हाट्सएप और टेक्स्ट मैसेज के जरिये सूचना देंगे।
किसानों को मौसम की जानकारी हिंदी, उर्दू तथा अंग्रेजी में मैसेज भेजकर दी जाएंगी, ताकि दूरदराज के इलाकों में रहने वाले किसानों को कोई परेशानी न आने पाए। केवीके के उच्चाधिकारी व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बनारसी लाल के अनुसार जिले में काफी बारिश होती है। स्टेशन स्थापित होने के बाद किसानों को सप्ताह के दो दिन मंगलवार तथा शुक्रवार को मौसम की जानकारी दी जाती है। जानकारी में किसानों को बताया जाता है कि मौसम किस प्रकार का है, और वह अपनी फसलों को बचाने के लिए क्या उपाय करें? इसके साथ ही फसलों में डाले जाने वाले खाद के बारे में भी बताया जाता है। जिले के सभी विभागों के अधिकारियों के पास भी मौसम की जानकारी पहुंचाई जाती है, ताकि वह भी अपने स्तर पर लोगों तक सूचना पहुंचा सकें। जिले में मौजूद 12 ब्लॉक्स में से नौ में इसकी सुविधा दी जा रही है। आने वाले दिनों में अन्य तीन के किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। किसान उत्तम ने बताया कि इससे उनको खेतों में काटकर रखी फसलों को बचाने का मौका मिलेगा। वहीं, पनीरी वगैरह को वह समय अनुसार ढंक सकतेे हैं।