जम्मू। मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सभी जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बना हुआ है। गुलमर्ग में माइनस 8.0 और पहलगाम में माइनस 6. 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर की मानें तो तीन मार्च तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। चार मार्च से मौसम साफ हो जाएगा। जम्मू जिले में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 21. 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7. 9 उिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री कम दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में भी सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस से कमी दर्ज हुई है। उधर, कश्मीर के श्रीनगर जिले में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहकर 10. 8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 0. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 20. 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 7. 4 उिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से करीब दो डिग्री कम है।