जम्मू। जेएंडके पेट्रोल टैंकर ओनर्स एसोसिएशन ने उनकी मांगों पर जल्द गौर न करने की सूरत में सरकार को जम्मू कश्मीर में पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है।
एसोसिएशन के प्रधान आनन शर्मा ने कहा कि जम्मू कश्मीर मेंपंजाब की तुलना में पेट्रोल डीजल महंगा होने के कारण सरकारी विभाग भी स्थानीय स्तर पर खरीदारी करने के बजाय पंजाब से तेल खरीद रहे हैं। प्रदेश में निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियां भी पंजाब से पेट्रोलियम पदार्थ मंगवा रही हैं। यहां तक की रेलवे और एयरपोर्ट प्राधिकरण भी प्रदेश में तेल भरने के बजाय पंजाब या आगे से तेल भर रहे हैं। इस सारी व्यवस्था से पंजाब से लगातार बढ़ती खरीद से जम्मू में टैंकर्स बेकार हो रहे हैं। कश्मीर व लद्दाख में भी सीधे पंजाब से सप्लाई हो रही है।
लद्दाख में एथेनाल मिक्स पेट्रोल इस्तेमाल नहीं होता और जम्मू में यह मिश्रित पेट्रोल आता है। हमनेमांग की थी कि जम्मू में बिना मिश्रित तेल भेजा जाए, ताकि हम लद्दाख में सप्लाई कर सकें। लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। इन कारणों से टैंकर मालिकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वे बैंकों की किश्ते तक नहीं चुका पा रहे हैं। इस बीच शर्मा को सर्वसम्मति से फिर से प्रधान चुना गया। वह पिछले दो दशक से प्रधान पद पर हैं। शुक्रवार को एसोसिएशन की जनरल बाडी बैठक में सदस्यों की सर्वसम्मति से उन्हें यह जिम्मेदारी फिर से दी गई है।