अप्रैल में बेमौसम बारिश से सब्जियों को हुए नुकसान का असर अब दिखने लगा है। सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। भरी गर्मी में सब्जियों का चढ़ा पारा देख लोगों का पसीना छूटने लगा है। सब्जियां इतनी महंगी हैं, कि वह आम लोगों को तो आसपास फटकने भी नहीं दे रही हैं।
आलम यह है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह तक 25 से 30 रुपये किलो में बिकने वाला टमाटर अब 80 रुपये किलो पर जा पहुंचा है। भिंडी और बीन्स (फली) 50 से 60 रुपये किलो तो टिंडा, करेला भी 60 रुपये तक अपनी पहुंच बना ली है। कमल ककड़ी 100 से 120 रुपये किलो में बिकी तो टिंडा भी 50 से साठ रुपये किलो में बिका।
जम्मू के सब्जी विक्रेताओं की माने तो मार्च-अप्रैल में खराब मौसम से यहां की सब्जियों पर भारी असर पड़ा है। खासतौर से टमाटर को बड़ा नुकसान हुआ है। अब अधिकतर टमाटर बाहरी राज्यों से आ रहा है। मंडी में ही चालीस से पचास रुपये किलो टमाटर मिल रहा है। फुटकर में इसके दाम और बढ़ जाते हैं। टमाटर गर्मी के मौसम में जल्दी खराब होता है, इसलिए इसका दाम बढ़ गया है।