नए साल के पहले दिन माता वैष्णो देवी में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच उच्च स्तरीय कमेटी कर रही है। घटना के बाद पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
लोकसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी तीर्थ पर भगदड़ की घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार की उच्च स्तरीय समिति गठित की है। हादसे के बाद आरएफआईडी आधारित भीड़ प्रबंधन प्रणाली, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, जेके पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
विज्ञापन
एक जनवरी को माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मचने से 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। मृतकों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोग शामिल थे। इस मामले की जांच तीन सदस्यीय टीम कर रही है।
इसकी अध्यक्षता प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम कर रहे हैं। इसके अलावा एडीजीपी जम्मू जोन और डिविजनल कमिश्नर जम्मू इसके सदस्य हैं। दुखद हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य ने दुख जताया था।