दक्षिण कश्मीर के जिला कुलगाम में एक संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 21 घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद दो लश्कर आतंकियों को मार गिराया। सैन्य प्रवक्ता कर्नल बृजेश पांडे के मुताबिक मारे गए दोनों आतंकी कुलगाम के ही बताए जा रहे हैं। इनकी पहचान मोहम्मद अब्बास मल्ला उर्फ खताब और मंजूर उल हक मलिक के रूप में की गई है।
मारे गए आतंकियों से एक एके राइफल और एक इनसास राइफल बरामद की गई है। आतंकियों के शव मलबे से निकाले जाने के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। लोग आतंकियों के शव उन्हें सौंपने की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने के चलते स्थिति पर नियंत्रण पाने को पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा हवाई फायरिंग की गई।
इसमें एक नागरिक जिसकी पहचान 25 वर्षीय तारीक अहमद भट की गई, उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद लोगों का प्रदर्शन और हिंसक हो उठा और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा आंसू गैस के गोले भी दागे गए।