जम्मू। जम्मू कश्मीर में मंगलवार को प्रदेश भाजपा की ओर से हर्षोल्लास और जोश के साथ विलय दिवस मनाया गया। इस दौरान जिला और ब्लाक स्तर पर कई कार्यक्रमों में महाराजा हरि सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए याद किया गया। प्रदेश भाजपा की ओर से महाराजा हरि सिंह पार्क में हुए मुख्य समारोह में वक्ताओं में महाराजा को गौरवान्वित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में कई संगठनों की ओर से भी तिरंगे फहराए गए।
प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि विलय दिवस भारतीय जनसंघ और प्रजा परिषद के राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के बलिदानों से हुआ है। विलय दिवस हमारे लिए गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस की तरह है, इस महत्वपूर्ण दिवस पर महाराजा ने जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया था। जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्से अभी भी पाकिस्तान और चीन के कब्जे में हैं और वह दिन दूर नहीं जब वहां भी तिरंगा फहराएगा। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने विलय पर हस्ताक्षर करने और श्रीनगर हवाई अड्डे को नियंत्रित करने की कोशिश करने वाले पाकिस्तानी हमलावरों की हार के एतिहासिक पलों को याद किया। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि जम्मू कश्मीर का भारत के साथ विलय एतिहासिक है। पूर्व मंत्री सत शर्मा ने कहा कि पं. नेहरू ने शेष भारत के साथ जम्मू-कश्मीर के त्वरित एकीकरण को बाधित किया। इस दौरान मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, युद्धवीर सेठी आदि ने विचार रखे।