जनजातीय समुदाय के लिए मुगलरोड पर शोपियां जिले के लाल गुलाम पुल के पास ट्रांजिट कैंप बनेगा। इसमें सभी प्रकार के सुरक्षा से जुड़े कार्य भी होंगे। वन्य जीव संचालक (वाइल्ड लाइफ वार्डन) की ओर से ओर से ट्रांजिट आवास तैयार किया जाएगा। जनजातीय मामलों के सचिव डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में मवेशियों को लेकर जाने वाले जनजातीय समुदाय के लोगों को सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी।
उनकी सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। आस-पास के गड्ढों को भर दिया जाएगा ताकि किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। डॉ. शाहिद ने शनिवार को निर्माण स्थल का दौरा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कार्यदायी संस्था को समय पर पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि मुगल रोड की स्थिति में सुधार हो रहा है।
धीरे-धीरे इसमें और प्रगति होगी जो लोगों को राहत प्रदान करेगी खासकर जनजातीय समुदाय के लोगों को। उन्होंने पीर की गली तथा जियारत शरीफ के सुंदरीकरण की योजना बनाने की भी हिदायत दी।