घगवाल। कस्बे में यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग घगवाल के जतवाल में नाके लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने 50 वाहन चालकों के चालान काटे, जिनसे 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
डीटीआई विक्रम ने बताया कि कस्बे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस सजगता से काम कर रही है। इसके लिए जगह-जगह नाके लगाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि देखा जा रहा है कि सड़क पर तेज गति से वाहनों को दौड़ाने वाले चालक सुरक्षा के प्रावधानों की लगातार अनदेखी कर रहे है। पुलिस ने हेलमेट न पहनने वालों के साथ कार चलाते समय सीट बेल्ट न लगाने वालों पर अधिक कार्रवाई की। इसके अलावा कई ऐसे वाहन चालकों के भी चालान किए गए हैं। जो वाहन चलाते समय उसके दस्तावेज नहीं रख रहे थे। उन्होंने आम लोगों से पुलिस की कार्रवाई से होने वाली परेशानी से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं हेलमेट पहनने के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।