परगवाल। 92 वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल ने रविवार को अखनूर कैंप एवं परगवाल की अग्रिम सीमा चौकियों में पौधरोपण किया। इसका शुभारंभ द्वितीय कमान अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान लगभग 500 पौधे रोपित किए गए।
कमान अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल, भारत की प्रथम रक्षा पंक्ति, पर्यावरण की रक्षा तथा हमारी भावी पीढ़ियों को बेहतर भविष्य विरासत में देने की शानदार परंपरा स्थापित करने की इच्छा से प्रेरित है।
इसी प्रयास में बीएसएफ द्वारा देश और सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से पौधरोपण अभियान चला रखे हैं। उन्होंने बताया कि इस बरसात के समय हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना है। ताकि उनका जल्दी विकास हो सके। भूमि को हरा-भरा रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने का संदेश देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण की रक्षा करना ओर पौधे लगाना प्रत्येक देशवासी का प्रथम कर्तव्य है। इससे इस धरती पर आने वाले समय में पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखा जा सके। ग्रह मंत्रालय के ग्रीन अभियान के तहत 15000 पौधे प्रत्येक बीएसएफ वाहिनी द्वारा इस साल के अंत तक लगाने का प्रावधान है। वाहिनी द्वारा इस साल 3515 पौधे लगाए जा चुके हैं और इस साल के आखिर तक 15000 पौधों का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
धरती पर पेड़ों की कमी से पर्यावरण बिगड़ा
आरएस पुरा। सर्व धर्म सेवा सोसायटी की ओर से वन विभाग के सहयोग से ग्रीन इंडिया ग्रीन जम्मू-कश्मीर मिशन के अंतर्गत कोटली गाला बाना स्थित सड़क किनारे पौधरोपण किया गया। इस दौरान पूर्व एमएलसी टीएस वजीर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि सोसायटी का यह सराहनीय कदम है। धरती पर पेड़ों की कमी से पर्यावरण बिगड़ गया है। पौधे हमें स्वच्छ आक्सीजन देने के साथ हमारी अन्य जरूरतों को पूरा करते हैं। हर एक व्यक्ति को पौधे लगाने चाहिए ताकि इससे बेहतर वातावरण बन सके। इस दौरान सोसायटी के चेयरमैन मंजीत सिंह, प्रधान जसमीत सिंह, अशोक भगत सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। संवाद
विभिन्न क्षेत्रों में चलाया पौधरोपण अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा/ घगवाल। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान के तहत पौधे लगाए गए। समैलपुर में 38 वीं वाहिनी सीआरपीएफ मुख्यालय में पौधरोपण अभियान में 250 पौधे लगाए गए। कमांडेंट धीरेंद्र वर्मा की देखरेख में वाहिनी मुख्यालय परिसर में अधिकारियों, जवानों व उनके परिजनों ने भी पौधे लगाए।
इस अवसर पर दवेंद्र सिंह, हरजी लाल वैरव के साथ अन्य अधिकारी व जवान भी उपस्थित थे। उधर घगवाल के नोनाथ में आईटीबीपी की 47 वीं वाहिनी के अधिकारियों व जवानों ने सुभाष चंद्र यादव की देखरेख में पौधरोपण अभियान में पौधे लगाए। इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन राधा कृष्ण, मुकेश कुमार व अन्यों ने विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए। वहीं कोविड-19 की पूरी पालना की गई। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके, वहीं हरियाली से लोगों को भी राहत मिलेगी।