जम्मू। कोविड के कारण लंबे समय तक बंद रहीं स्पेशल ट्रेनें फिर से शुरू होने जा रही हैं। इस कड़ी में उत्तर रेलवे जम्मू से उदयपुर और बांद्रा टर्मिनस के लिए एक-एक स्पेशल ट्रेन शुरू करने जा रहा है। इसमें जम्मू से उदयपुर गरीब रथ और जम्मू से बांद्रा टर्मिनस विशेष साप्ताहिक ट्रेनें शामिल हैं।
जम्मूतवी-उदयपुर साप्ताहिक गरीब रथ एक्सप्रेस (स्पेशल) 14 अप्रैल से एक जुलाई तक चलेगी। ट्रेन नंबर 04972 जम्मूतवी-उदयपुर 14 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक वीरवार को चलेगी। जम्मू तवी से सुबह 5.45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7.35 बजे उदयपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 04971 उदयपुर-जम्मूतवी 15 अप्रैल से एक जुलाई तक चलेगी। ट्रेन उदयपुर से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2.05 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 3.10 बजे जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
ट्रेन पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, धुरी, जाखल, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, अलवर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, विजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया और मावली स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। वहीं बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को भी शुरू किया है। ट्रेन नंबर 04982 17 अप्रैल से 12 जुलाई तक चलेगी। ट्रेन नंबर प्रत्येक रविवार को बांद्रा टर्मिनस से रात्रि 9.50 बजे चलेगी और मंगलवार सुबह 8.40 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 04981 जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस से 19 अप्रैल से 14 जुलाई तक चलेगी। ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को जम्मूतवी से रात्रि 11.20 बजे प्रस्थान कर वीरवार को 10.10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, कोटा, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, मथुरा जं, दिल्ली सफदरजंग, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट और पठानकोट कैंट स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।