रोशनी से जगमग डल झील का नजारा।
- फोटो : बासित जरगर
जम्मू-कश्मीर पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने घाटी में आने वाले पर्यटकों के लिए भारी छूट और ऑफर की घोषणा की है। होटलों और हाउसबोट के दाम में करीब 40 फीसदी की कटौती की घोषणा की गई है। यह डिस्काउंट विशेष रूप से दिवाली गिफ्ट के तौर पर दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप कश्मीर पर्यटन वर्षों के ठहराव के बाद पतझड़ के मौसम में बढ़ने लगा है। पतझड़ में कई वर्षों के बाद पर्यटकों के आगमन और बुकिंग की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है।
हाउसबोट शो से मिली बड़ी मदद
हाउसबोट एसोसिएशन कश्मीर के उपाध्यक्ष मंजूर अहमद ने कहा कि सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में इसको लेकर प्रचार किया है। बताया कि हाल ही में एक हाउसबोट शो का आयोजन किया गया, जिससे काफी मदद भी मिली। मंजूर ने बताया कि हम त्योहारी सीजन में पर्यटकों की एक बड़ी संख्या की उम्मीद कर रहे हैं। हाउसबोट में ठहरने वाले पर्यटकों के लिए 40 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इससे कश्मीर पर्यटन उद्योग को मदद मिलेगी।
पर्यटकों ने जताई खुशी
कश्मीर घूमने आए पर्यटक इस ऑफर और छूट का स्वागत कर रहे हैं। लगभग 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी पहले से ही है और हितधारकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह और बढ़ेगी। दिल्ली से घूमने आई पालकी शर्मा ने बताया कि कश्मीर जो खबरों में देखते हैं, बिलकुल वैसा नहीं है। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं, यहां का खानपान बहुत ही स्वादिष्ट है। एक बार सबको यहां जरूर आना चाहिए।
कश्मीर में घूम कर आ रहा आनंद
वाराणसी से आए उमाकांत मिश्रा ने बताया कि उनका मनाली जाने का प्रोग्राम बन रहा था, लेकिन उनके एक मित्र ने बताया कि यहां पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों द्वारा छूट दी जा रही है तो हम प्लान बदलकर यहां चले आए। बताया कि कश्मीर दो दिन से घूम रहे हैं, काफी आनंद आ रहा है, यहां की सुंदरता और संस्कृति बेहद अलग है। मिश्रा ने बताया कि वह अन्य लोगों से अपील करते हैं कि दिवाली पर यहां जरूर आएं और इस ऑफर का लाभ उठाएं। बता दें कि पर्यटन विभाग अब विंटर टूरिज्म की गतिविधियों की तैयार में लग जाएगा।