दो महीने बाद सोमवार से घरेलू विमान सेवाएं शुरू होने के पहले दिन नौ फ्लाइट जम्मू आएंगी। इसमें श्रीनगर से तीन, दिल्ली से चार, मुंबई और ग्वालियर से एक-एक फ्लाइट आ रही हैं।
पहली फ्लाइट सुबह 9:30 बजे जम्मू एयरपोर्ट पहुंचेगी। अंतिम फ्लाइट शाम 4:30 बजे आएगी। नौ फ्लाइट में से चार सीधे जम्मू पहुंचेंगी, जबकि बाकी वाया श्रीनगर हैं। जम्मू एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। लेह स्थित कुशोक बकुला रिंपोछे एयरपोर्ट पर भी 25 घरेलू उड़ानें 25 मई से शुरू होने जा रही हैं।
जम्मू एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 32 उड़ानें आती हैं। लॉकडाउन के बाद फिलहाल एयर इंडिया, स्पाइस जेट, इंडिगो और विस्तारा अपनी सेवाएं शुरू कर रही है। इसके लिए एलजी प्रशासन ने जम्मू के मंडलायु्कत संजीव वर्मा को जम्मू एयरपोर्ट का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। विमान से आने वाले हर यात्री का कोरोना टेस्ट कर उसे प्रशासनिक क्वारंटीन में भी रखा जाएगा।
विमान सेवा को हरी झंडी मिलने के बाद विमानन कंपनियों ने शुक्रवार से ही बुकिंग शुरू कर दी थी। उड़ानों के लिए शुक्रवार से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई थी। टिकट बुकिंग के साथ विमानन कपंनियों और एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं। एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी एसओपी का पालन करना होगा। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा और टिकट की जांच वेब कैमरा से की जाएगी।
उधर, लेह स्थित कुशोक बकुला रिंपोछे एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार लेह-दिल्ली रूट पर एयर इंडिया और स्पाइस जेट की उड़ानें सोमवार को शुरू कर दी जाएंगी। लेह के जिला मजिस्ट्रेट ने शनिवार को आदेश जारी कर ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की अनुमति दे दी है।
सोमवार को नौ उड़ाने जम्मू एयरपोर्ट पर आएगी। इसमें कुछ ट्रेन जम्मू से श्रीनगर के लिए जाएगी। इसमें श्रीनगर, दिल्ली, मुंबई और ग्वालियर से उड़ाने आएगी। एयरपोर्ट यात्रियों को उड्डयान मंत्रालय के एसओपी का पालन करना होगा।
- पीएस ब्यूरिया, निदेशक, जम्मू एयरपोर्ट