पुंछ। बाहरी राज्यों से लौटने वालों की वजह से निगरानी में रखे गए लोगों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने लगी है। प्रशासनिक सूचना के अनुसार शनिवार तक निगरानी में रखे गए लोगों की संख्या 5803 हो चुकी है। वहीं 5464 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए जिसमें 2861 की निगेटिव रिपोर्ट मिली है। शेष 2597 की रिपोर्ट आनी बाकी है। जबकि अबतक पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या छह हो चुकी है।
जिला विकास आयुक्त राहुल यादव ने बताया कि कोरोना वायरस से लड़ने अैर हराने के लिए जिले में 75 स्थानों पर 3800 बेड की क्षमता के क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं। बताया कि प्रशासन की तरफ से अभी तक 2848 लोगों को ही क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है। चार लोगों को अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। 138 लोगों को घरों में क्वारंटीन किया गया है तो 1848 लोगों की निगरानी का समय पूरा हो चुका है। जबकि कुछ छह केस पॉजिटिव मिले हैं। डीडीसी ने लोगों से आह्वान किया है कि सभी लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें। बचाव के लिए जब भी बाहर निकलें मास्क का प्रयोग करें। सर्वाधिक महत्वपूर्ण यह है कि जहां भी निकलें सामाजिक दूरी का पालन करने में लापरवाही न बरतें। बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले 76 लोगों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। जांच में तेजी लाने के लिए भिम्बरगली, मेंढर, सुरनकोट, मंडी और पुंछ में सैंपल कलेक्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां से हर दिन दो सौ से अधिक लोगों के सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं।