बिजली समस्या पर विभाग के कार्यालय पहुंचे फत्तू चक गांव के लोगों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते हुए ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या हल करने की मांग की।
हीरानगर के फत्तू चक गांव से आए लोगों में शामिल साधूराम ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से जला हुआ है। कई बार विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाए जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को मजबूरन अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। सूरज सिंह ने कहा कि यह पहली बार नहीं है इससे पहले भी कई बार गांव में बिजली कई कई दिन तक गुल रही है।
उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर भी संतोषजनक जबाव नहीं मिलता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक दो दिन के भीतर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण उग्र प्रदर्शन को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शनकारियों में सुनील वर्मा, रोनी, गुलशन, जगदीश आदि शामिल रहे।