केंद्र सरकार की तरफ से जारी किए गए वित्तीय पैकेज का लाभ न मिलने से नाराज पीओजेके रिफ्यूजियों ने शुक्रवार को प्रेस क्लब के बाहर एकजुट होकर राज्य सरकार व पीआरओ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन व नारेबाजी की। रिफ्यूजियों का कहना था कि जब तक मांग पूरी नहीं होती है तब तक आवाज बुलंद की जाती रहेगी।
जम्मू एंड कश्मीर पीओजेके डीपी फ्रंट 1947, 1965, 1971 के प्रधान रशपाल सिंह के नेतृत्व में रिफ्यूजियों ने प्रेस क्लब के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान रशपाल सिंह ने बताया कि 2002 में केंद्र सरकार की तरफ से पीओजेके रिफ्यूजियों को राहत प्रदान करने के लिए वित्तीय पैकेज का ऐलान किया गया था।
रिफ्यूजियों के प्रत्येक परिवार को राशि के साथ जमीन की सुविधा उपलब्ध करवाई जानी थी, लेकिन आज तक सभी परिवारों को यह सुविधा नहीं मिल सकी है। चंद लोग ही इस सुविधा को हासिल कर पाए हैं। जिन लोगों को यह सुविधा दी गई है। उसमें पूरी तरह से नियमों की अनदेखी की गई है।
पीआरओ की तरफ से गलती को सुधारने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। रिफ्यूजी वर्षों से पीआरओ के कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। सिवाय आश्वासनों के कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। राज्य सरकार ने भी उनकी परेशानी की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है।
प्रदर्शन करके अपनी बात को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर जल्द मांग को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे।