इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) और रक्षा मंत्रालय के सासे (स्नो एंड अवलांच स्टडी इस्टैब्लिशमेंट) के निदेशक द्वारा जारी की गई भविष्यवाणी को ध्यान में रखते हुए कश्मीर में मध्य खतरे वाले अवलांच की चेतावनी जारी की गई है।
यह चेतावनी जम्मू-कश्मीर के उन सभी इलाकों के लिए है, जो 3000 मीटर की ऊंचाई पर स्तिथ हैं। यह वार्निंग शुक्रवार शाम से अगले 24 घंटे के लिए जारी की गई है। कश्मीर संभाग के कई पर्वतीय इलाकों के अलावा जम्मू संभाग के राजौरी, पुंछ, डोडा, रियासी, रामबन जिले शामिल हैं। इस संदर्भ में लोगों को अगले 48 घंटे तक उन इलाकों में जाने से परहेज करने को कहा गया है, जहां खतरा हो।
जारी की गई चेतावनी में कहा गया है कि खराब मौसम के चलते अवलांच आ सकते हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में सड़कों की रुकावट भी पैदा हो सकती है। इस संदर्भ में सभी जिलों के जिला प्रशासन को सतर्क कर उन्हें स्थिति को मानीटर करने के निर्देश दिए गए हैं और किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान से बचने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए भी कहा गया है।
साथ ही इस सबके अलावा लोगों की किसी प्रकार की सहायता के लिए सभी जिला मुख्यालयों में स्थापित कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे के दौरान फर्कियां में 10 सीएम और कनजलवां में चार सीएम ताजा बर्फबारी हुई है।