राज्यपाल एनएन वोहरा ने जम्मू कश्मीर संविधान की धारा 53 की उप धारा (1) के अंतर्गत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए 25 मई को श्रीनगर में विधानसभा और विधान परिषद का संयुक्त सत्र बुलाया है।
राज्यपाल ने संविधान की धारा 55 (1) के तहत विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों को बुधवार 25 मई को सुबह 11 बजे शेर ए कश्मीर इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में एकत्रित होने को कहा है। यहां राज्यपाल एनएन वोहरा दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगे।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद प्रत्येक सदन संबंधित पीठासीन अधिकारियों की ओर से तय समय के अनुसार अलग-अलग बैठक करेंगे। गवर्नर ने इस संबंध में राज्यपाल के प्रस्ताव को रविवार को मंजूरी प्रदान कर दी। वहीं, विधानसभा सचिवालय में सत्र की तैयारी शुरू हो चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के सात जनवरी को निधन के बाद पीडीपी भाजपा में सरकार गठन में हुई देरी की वजह से साल 2016 में फरवरी मार्च में जम्मू में होने वाला बजट सत्र नहीं हो पाया। दरबार मूव ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में नौ मई को खुलेगा और फिर वहां बजट सत्र की तैयारी तेज होगी। रियासत के इतिहास में यह पहली बार हो रहा हैं कि मई महीने में बजट सत्र होगा।