रियासी। जिले के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र टोट साड़ी में बड़े ने छोटे भाई की चाकू घाेंप कर हत्या कर दी। वहीं, वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। रविवार देर रात बारह बजे पुलिस को सूचना मिली। मृतक की पहचान चमेल सिंह और आरोपी की लहर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतक के भाई ने बताया कि लहर सिंह रात को 11 बजे चमेल सिंह के घर पर पहुंचा और दरवाजा खटखटा कर उसे बाहर बुलाया। जैसे ही बाहर आया वैसे ही लहर सिंह ने चाकू घोंप दिया। इस दौरान दोनों में हाथापाई भी हुई, लेकिन शरीर पर कई वार होने के चलते चमेल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना है कि वारदात से कुछ देर पहले चमेल सिंह बड़े भाई लहर सिंह के घर गया था। लेकिन वहां क्या बात हुई उसके बारे में किसी को भी जानकारी नहीं है। परिजनों ने बताया कि हत्यारोपी लहर सिंह ने दो शादियां की हैं और वह रियासी में काम करता है। वहीं मृतक चमेल गांव में ही दिहाड़ी लगाता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।