आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के लिए डीजीपी के राजेंद्रा ने आईजीपी कश्मीर एसजेएम गिलानी के साथ पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट का हवाई निरीक्षण किया।
उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को दोनों ट्रैक पर संवेदनशील स्थानों की तलाश करके सुरक्षा को पुख्ता बनाने के निर्देश दिए। पहलगाम और बालटाल में डीजी ने आला अफसरों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बेहतर नतीजों के लिए राज्य पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन से समन्वय मजबूत बनाकर काम करे। बालटाल और पहलगाम रूट पर राज्य पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षाबल तैनात किए जाएंगे। सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के साथ सुरक्षाबल यात्रियों के साथ नरम रवैया अपनाएंगे।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सिविल प्रशासन के साथ तालमेल मजबूत बनाकर काम किया जाएगा। डीजी ने कहा कि संबंधित रूटों पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त बनाया जाए। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा करने की इजाजत दी जाएगी।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में संयुक्त कंट्रोल रूम काम करेंगे। बैठक में विभिन्न सुरक्षाबलों के अधिकारी मौजूद रहे।