रियासी। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी के कर्मचारी का शव तीन दिन बाद रविवार सुबह जंगल से बरामद कया गया है। वह वीरवार से लापता था। उसकी पहचान रियाज अहमद वानी निवासी अहदपुरा ड़ोलीगाम बनिहाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला व उसके भाई समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने रियाज का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ उसकी बरामदगी के लिए बनिहाल में धरना प्रदर्शन भी किया था। कंपनी के लोग भी उस को अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे। शव का पोस्टमार्टम प्राइमरी हेल्थ सेंटर अरनास करवाने के बाद पार्थिव शरीर परिवार को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि रियाज उस समय लापता हो गया था जब वह निर्माणाधीन रेलवे सुरंग में अपनी ड्यूटी के लिए रिपोर्ट करने के लिए अपने आवास से निकला था। वानी की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने रविवार सुबह रेलवे निर्माण स्थल से करीब 500 मीटर दूर दुग्गा के पास एक जंगल में एक नाले से उसका शव बरामद किया।
------
घटना के दिन महिला ने कई बार उसे किया था फोन
रियाज के मोबाइल की काड डिटेल के आधार पर एक महिला समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। विवरण से पता चलता है कि जिस दिन रियाज लापता हुआ था उस दिन महिला ने उसे बार-बार फोन किया था।