आतंकी जम्मू-कश्मीर में गणतंत्र दिवस के मौके पर घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इसके लिए दहशतगर्द सीमापार कर प्रदेश में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। सीमा पर बर्फबारी को देखते हुए एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक इसमें कहा गया है कि खराब मौसम की आढ़ में आतंकी एलओसी और आईबी के रास्ते घुसपैठ कर सकते हैं। एक पखवाड़ा पहले सरहद पर घुसपैठ का प्रयास हुआ है, लेकिन सेना और बीएसएफ के सतर्क जवानों ने इन चारों प्रयासों को विफल कर दिया। यह चुनौती 26 जनवरी तक बनी रहेगी। जिससे निपटने के लिए बीएसएफ ने जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। सेना ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
तकनीकी ढांचा सक्रिय किया गया
घुसपैठ की आशंका को देखते हुए तकनीकी ढांचा सक्रिय किया गया है। कुछ जगहों से आतंकियों की घुसपैठ की सूचनाएं भी हैं, जिसके लिए विशेष तैयारी की गई है। खराब मौसम में तकनीकी उपकरणों के काम करने की क्षमता कम हो जाती है। यही कारण है कि आतंकी घुसपैठ की अधिक कोशिश करते हैं। कुपवाड़ा, पुंछ, अरनिया और चमलियाल में आतंकियों ने ऐसा ही किया, लेकिन जवानों की सतर्कता से चार बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
लश्कर, जैश और अल बद्र के आतंकी कर सकते हैं घुसपैठ
जानकारी के अनुसार अलर्ट जारी करने के साथ कुछ अन्य जानकारियां भी दी गई हैं। इसमें बताया गया है कि आतंकी संगठन लश्कर, जैश और अल बद्र के आतंकी एलओसी के उस पार पीओके में डेरा डाले बैठे हैं। इन आतंकियों के साथ गाइड भी हैं। यह आतंकी फिराक में हैं कि कब इन्हें घुसपैठ का मौका मिले और वह इस पार आएं।
घुसपैठिए का शव लेने से पाकिस्तान ने कर दिया था इंकार
दिसबंर में अरनिया सीमा पर मारे गए घुसपैठिए के शव को पाकिस्तान ने लेने से इंकार कर दिया था। बीएसएफ की ओर से पाकिस्तानी रेंजरों से इसे लेकर बात की गई थी। बताया गया कि घुसपैठिया मारा गया है। वह इसकी पहचान करें और इसको अपने पास ले जाएं। लेकिन पाकिस्तानी रेंजरों ने शव को देखने तक से मना कर दिया। शव लेने से पूरी तरह से इंकार कर दिया।
भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की फिराक में थे आतंकी
रामगढ़ की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिले हथियारों के जखीरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां खोजबीन में जुटी हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह एसएन पुरा की सीमा के जीरो लाइन के निकट से बीएसएफ के जवानों को गश्त के दौरान एक पैकेट मिला, जिसमें हथियार व हीरोइन थी।