अमरनाथ यात्रा शुरू होने से ठीक 20 दिन पहले आतंकी हमला
अमरनाथ यात्रा शुरू होने से ठीक 20 दिन पहले रियासी जिले के प्रसिद्ध शिव धाम शिवखोड़ी से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की बस पर घात लगाकर आतंकियों की ओर से किए गए हमले के बाद बस गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना में एक बच्चे समेत नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 33 घायल हो गए। सभी मरने वाले व घायल श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान के बताए जाते हैं। घटना में 6-7 यात्रियों को गोलियां लगी हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना रविवार की शाम लगभग सवा छह बजे की बताई जाती है। एसएसपी रियासी मोहिता शर्मा ने नौ यात्रियों के मारे जाने तथा 33 के घायल होने की पुष्टि की है। ज्ञात हो कि अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होनी है।
शिवखोड़ी से कटड़ा लौट रही थी बस
बताते हैं कि यात्रियों से भरी बस (जेके 02 एई 3485) शिवखोड़ी से कटड़ा लौट रही थी। बस में 42 यात्री सवार थे।सभी यात्रियों को लेकर बस सुबह शिवखोड़ी गई थी। दर्शन कर लौटते समय पौनी और शिवखोड़ी के बीच कंडा त्रयाथ इलाके में चंडी मोड़ के पास पहले से घात लगाए आतंकियों ने बस के आगे आकर फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से चालक ने संतुलन खो दिया और बस लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस के गिरने के दौरान वहां मौजूद अन्य आतंकियों ने पीछे से गोलियां बरसाईं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों तथा प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को गहरी खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस खाई में गिरने के बाद कई लोगों के शव मौके पर पड़े हुए थे। कुछ शव पेड़ पर भी फंसे दिखे।जंगली इलाका होने के कारण बचाव कार्य को करने में परेशानी भी हुई। काफी मेहनत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अधिकारी भी रियासी से मौके पर पहुंचे। घायलों को पीएचसी पौनी और त्रियाथ ले जाया गया। पौनी में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रियासी में रेफर किया गया। इसके अलावा कुछ घायलों को हेल्थ सेंटर भारख में भी लाया गया।
मृतकों के परिजनों मिलेंगें 10-10 लाख
उन्होंने कहा कि जान गंवाने वाले लोगों की कमी को किसी भी तरह से पूरा नहीं किया जा सकता। लेकिन फिर मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को मंजूरी दी है। साथ ही घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि भी स्वीकृत की गई है। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
शिवखोड़ी के आधार शिविर रनसू में दुकानें बंद, यात्रा मार्ग पर सुरक्षा कड़ी करने की मांग
रियासी में आतंकी हमले को लेकर शिवखोड़ी के आधार शिविर रनसू में सोमवार को बाजार बंद रहा। दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सेवा देने वाले लोगों ने सोमवार को हमले के विरोध में अपनी सेवाएं बंद रखी। दुकानदारों ने बाजार में एक जगह एकत्रित होकर धरना दिया। इस दौरान हमले पर कड़ा रोष जताया गया। साथ ही हमले में मारे गए लोगों के परिजनों संग संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...
कविंदर गुप्ता बोले- पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवाद फैलाने की कोशिश की है
रियासी आतंकी हमले पर रोष व्यक्त करते हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा, 'पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवाद फैलाने की कोशिश की है...ये घटनाएं चिंता का विषय हैं...आतंकवादियों को मार गिराया जाएगा. उन्हें बख्शा नहीं जाएगा...हमें अपनी सेना पर भरोसा है...आतंकवाद के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है।'