पुंछ में हुए ग्रेनेड हमले को लेकर खुफिया तंत्र सकते में है। हमेशा सरहद पार की हरकतों पर नजर रखने वाले खुफिया तंत्र को सरहद के इस पार इस तरह की घटना ने नई सोच में डाल दिया है। पिछले कई साल से लगातार खुफिया एजेंसियों के पास इनपुट पहुंच रहे हैं कि राजोरी-पुंछ में 8 से 10 आतंकियों की मौजूदगी है।
लेकिन इसे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां नहीं मानतीं, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि कश्मीर संभाग की तरह जम्मू संभाग में भी आतंक फैलाने की साजिश की जा रही है, जिसका पुंछ की घटना एक ट्रेलर है।
पूर्व पुलिस महानिदेशक एमएम खजुरिया कहते हैं कि कश्मीर में आजादी की मांग करने वाले पूरे विश्व में संदेश देना चाहते हैं कि सिर्फ कश्मीर में ही नहीं, बल्कि जम्मू संभाग में भी लोग आजादी चाहते हैं। इसलिए जानबूझ कर बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को टारगेट किया गया।