- भाजयुमो ने कच्ची छावनी में किया प्रदर्शन, उठाई मांग- दहशतगर्दों को उनके अंजाम तक पहुंचाए सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुलवामा में कश्मीरी पंडित संजय शर्मा की हत्या के बाद जम्मू में भी लोगों के बीच भारी रोष है। रविवार को विभिन्न संगठनों ने टारगेट किलिंग के खिलाफ प्रदर्शन किए। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने जम्मू में प्रदर्शन कर पाकिस्तान और आतंकियों के पुतले फूंककर विरोध जताया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अरुण प्रभात की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कच्ची छावनी में इकट्ठे होकर पुलवामा में तैनात सुरक्षा गार्ड (कश्मीरी हिंदू) संजय शर्मा की हत्या की निंदा करते हुए प्रदेश सरकार से तत्काल दहशतगर्दों की पहचान कर उनका खात्मा करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कश्मीर घाटी में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा पुख्ता बनाने की भी मांग की। अरुण ने कहा, पाकिस्तान के इशारे पर हिंदुओं को कश्मीर में निशाना बनाया जा रहा है। यह सब जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की नापाक साजिश है। उन्होंने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि सुरक्षा एजेंसियों को खुली छूट दें, ताकि हत्या में शामिल आतंकवादियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जा सके।
कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में काफी कमी तो आई है, लेकिन जो दहशतगर्द बचे हैं उनका भी जल्द खात्मा होना चाहिए। प्रदर्शन में महासचिव अभिषेक सलाथिया, चेतन वांचु, जिला अध्यक्ष कनव शर्मा, मोनू सलाथिया, अमित शर्मा, इंद्रजीत शान, मोहित सेन, नरेंद्र सिंह, अनिल रकवाल आदि मौजूद रहे।