बिश्नाह। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मांगों को लेकर मंगलवार को तीन घंटे तक सेवाएं बंद रखीं। बिश्नाह उप जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जम्मू-कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
स्वस्थ विभाग फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल में तीप घंटे के लिए कामकाज बंद कर प्रदर्शन किया। फेडरेशन के प्रधान वेदपाल सैनी ने कहा कि मंगलवार को हमने आपातकाल सेवाओं को छोड़कर सभी कामकाज ठप रखा। हम सरकार से अपील करते हैं कि कि हमारी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, नहीं तो पूरे स्वास्थ्य कर्मचारी काम छोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी डीपीसी की मांग इतनी पुरानी है कि सरकार उस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अगर सरकार हमारी मांग पर गौर करे तो नौकरियों के कई पद निकल सकते हैं। वहीं सुरजीत कुमार ने कहा कि मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर के कर्मचारियों का छह माह से वेतन बकाया है, जिससे इनके घर का खर्च चलाना मुश्किल है। इन सभी कर्मचारियों को पंजीकृत किया जाए।
तरसेम शर्मा ने कहा कि हमको अक्सर अपना हक धरने प्रदर्शन करके ही लेना पड़ता है। हमारी मांगें इतनी पुरानी हैं कि पहले भी हमने प्रधानमंत्री को खुला खत लिख कर मांगों के बारे में लिखा था, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से किसी भी मामले का हल नहीं किया गया है। इस कारण कर्मचारी दुविधा में हैं। हमारी अपील है कि जल्दी से जल्दी हमारी परेशानी हल की जाए।
प्रदर्शन में सुरजीत कुमार, तरसेम लाल, सोनू, सुरजीत सैनी आदि शामिल रहे।
स्वास्थ्य कर्मी रहे हड़ताल पर, मरीजों को बनी रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले में स्वास्थ्य कर्मियों ने मांगों को लेकर हड़ताल कर दी। इसके चलते मरीजों को परेशानी बनी रही। वह मांग कर रहे थे कि उनकी मांगों को पूरा किया जाए।
स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन के नेता कुलदीप दबगोत्रा ने कहा कि जम्मु-कश्मीर शासन ने उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया है। इसके लिए स्वास्थ्य निदेशक को पहले से ही अवगत करा दिया था। उनकी मांग थी कि समय पर डीपीसी की जाए, पेंशन योजना को जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह लंबी हड़ताल पर विचार करेंगे।
स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन घंटे काम बंद रखा
अखनूर। मेडिकल एंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले उप जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में मंगलवार को धरना देकर नारेबाजी की। फेडरेशन के अध्यक्ष बलविंदर सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन किया और तीन घंटे तक काम छोड़ हड़ताल रखी।
बलविंदर सिंह ने कहा कि सरकार लंबित मांगों को पूरा नहीं कर रही है। इसमें सभी श्रेणी के कर्मचारियों के डीपीसी जो विगत वर्षों से नहीं की गई है। 2211 कर्मचारियों का वेतन जारी करें, जो पांच माह से लंबित है, जम्मू-कश्मीर फार्मेसी अधिनियम के तहत पंजीकरण फार्मासिस्ट, पुरानी पेंशन योजना की बहाली जम्मू-कश्मीर के यूआईटी सभी गाउट, कर्मचारियों के लागू किया जाए।
इस अवसर पर प्रवीण शर्मा, विनोद कुमार, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
स्वास्थ्य कर्मियों ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
विजयपुर। कस्बे के इमरजेंसी हॉस्पिटल में तैनात स्वास्थ्य कर्मी मंगलवार को मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया और कहा कि हमारी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हमने कई बार सरकार को अवगत कराया। उसके बावजूद हमारे मसले हल नहीं हुआ। हम लोगों को न तो समय पर वेतन मिल रहा है न ही डीपीसी और अन्य सुविधा का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने एलजी मनोज सिन्हा से मांग की है कि हमारी मांगों को तत्काल पूरा किया जाए, ताकि हम लोगों को राहत मिल सके। क्योंकि समय पर वेतन न मिलने के कारण घर का खर्च चलाना बहुत कठिन हो गया है।
परगवाल में स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन घंटे की काम छोड़ो हड़ताल की
परगवाल। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने मेडिकल एंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले मांगों को लेकर तीन घंटे की काम छोड़ो हड़ताल की। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी श्रेणियों की डीपीसी, 2211 हेड का स्थायी समाधान, लंबित वेतन जारी करने, फार्मासिस्टों का पंजीकरण, ओपीएस की बहाली जैसी मांग कर नारेबाजी की स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल पर जाने से इलाज कराने पहुंचे लोगों को परेशानी उठाना पड़ी। हालांकि इमरजेंसी सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा गया। संवाद