नागरिक सचिवालय में दरबार मूव की रवानगी की हलचल शुरू हो गई है। 29 अप्रैल को जम्मू में बंद होने जा रहे सरकार के दरबार को देखते हुए सामान व रिकार्ड की पैकिंग का काम शुरू होने लगा है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को जम्मू में सचिवालय वार्षिक दरबार मूव के तहत बंद हो जाएगा और नौ मई को ग्रीष्मकालीन राजधानी में सरकार का दरबार खुलेगा। वार्षिक दरबार मूव के लिए जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे पर 30 अप्रैल और एक मई 2016 को वन वे ट्रैफिक रहेगा।
पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार दरबार मूव को देखते हुए जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे पर वन वे ट्रैफिक रहेगा और श्रीनगर से जम्मू के लिए कोई भी वाहन यहां तक कि सेना और अर्ध सैनिक बलों की कानवाई को भी 30 अप्रैल और एक मई को अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। इसी तरह सात और आठ मई को जम्मू से श्रीनगर के लिए वन वे ट्रैफिक रहेगा।
मुख्य सचिव बी आर शर्मा ने संबंधित विभागों को दरबार मूव के लिए सभी प्रबंध पूरे करने के दिशा निर्देश जारी कर दिए है ताकि श्रीनगर में दरबार मूव कर्मचारियों को किसी प्रकार की कोई समस्या पेश न आए।