जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर शहर फिर से कोरोना संक्रमण मामलों का हॉटस्पॉट बन गया है। प्रदेश के कुल मामलों में 60 फीसदी मामले श्रीनगर से सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने दस दिन का सख्त कोरोना कर्फ्यू लागू कर दिया है। यहां दूसरे दिन भी कोविड से दो की मौत हो गई है। मंगलवार से शुरू हुए दस दिवसीय कर्फ्यू में जगह-जगह बैरिकेड और तारबंदी पाबंदियां लागू कर दी गईं। स्कूलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की गतिविधियां ठप हो गई हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने लोगाें से अपील की है कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर की तरह ही श्रीनगर के लोगों को विशेष एहतियात बरतते हुए सहयोग करना होगा। लापरवाही होने पर श्रीनगर कोरोना की तीसरी लहर का स्रोत बन सकता है।
17 दिन से लगातार मिल रहे संक्रमित
श्रीनगर नगर निगम के पांच वार्डों लाल बाजार, हैदरपोरा, छानपोरा और बेमिना के दो इलाकों से लगातार कई संक्रमित मिल रहे हैं। प्रदेश के कुल मामलों में यह करीब 60 फीसदी हैं। जिला उपायुक्त श्रीनगर मोहम्मद एजाज असद ने कहा कि शॉपिंग कांप्लेक्स, बाजार, सैलून, हज्जाम, रेस्तरां व शिक्षा संस्थान बंद रखे गए हैं। शादी-निकाह में 20 व जनाजे के लिए 10 लोगाें के जाने की अनुमति है। जम्मू-कश्मीर में कुल 1199 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 597 श्रीनगर जिले से हैं। जिले में रोजाना 40 से 60 की औसत से केस आ रहे हैं। सोमवार को प्रदेश में 138 नए संक्रमित पाए गए, जिनमें 59 श्रीनगर से थे।
प्रदेश में 138 संक्रमित, रियासी में 11 यात्री संक्रमित मिले
राजधानी श्रीनगर में पाबंदियां लगाने के बावजूद कोविड संक्रमण का प्रसार बढ़ रहा है। कश्मीर में दूसरे दिन भी दो लोगों की कोविड संक्रमण से पीड़ित होने के कारण मौत हो गई। पिछले दो दिन में यहां पांच मौतें हो चुकी हैं। इस बीच प्रदेश में 138 संक्रमित मामले मिले, जिसमें श्रीनगर में सर्वाधिक 59 मामले हैं। चिंता यह है कि इनमें 57 मामले स्थानीय स्तर के हैं। रियासी में 11 यात्रियों समेत 14 लोग संक्रमित मिले हैं। त्योहारी सीजन के बीतने के साथ संक्रमण का प्रसार बढ़ने की आशंका है।
बारामुला में 155, बडगाम में 95 और कुपवाड़ा में 40 सक्रिय मामले
प्रदेश में श्रीनगर में सबसे अधिक 597 सक्रिय मामले हैं। श्रीनगर के कई इलाकों में कोविड पाबंदियां लगाई गई हैं। बारामुला में 155, बडगाम में 95 और कुपवाड़ा में 40 सक्रिय मामले हैं। बारामुला में 14, बडगाम में 16 नए संक्रमित मामले मिले हैं। जम्मू में 8 लोग संक्रमित पाए गए। जिला रामबन, पुंछ, किश्तवाड़, राजोरी, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम, अनंतनाग और पुलवामा में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। किश्तवाड़ कोविड मुक्त चल रहा है। जम्मू कश्मीर में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1199 पहुंच गया है, जिसमें कश्मीर संभाग से 1041 मामले हैं। प्रदेश में अब तक 4445 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।