जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की तेज गति अक्सर हादसों का कारण बनती है। शहर और कसबों को जाने वाले लिंक मार्गों पर मुड़ने वाले वाहनों की अक्सर विपरीत दिशा से तेज गति से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर हो जाती है।
कठुआ शहर की ओर जाने वाले कालीबड़ी चौक और हटली मोड़ चौक पर पिछले कुछ वर्षों में दर्जनों लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। आए दिन लोग घायल होते हैं और कइयों को तो अपनी जान भी गवानी पड़ती है।
जिला प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल हाईवे प्राधिकरण को लिखा गया। जिसके बाद हाईवे पर स्पीड ब्रेेकर लगाने का निर्णय लिया गया। ऐसे में हाईवे पर दोनों ओर लगे स्पीड ब्रेकर से वाहनों की रफ्तार को रोकने में मदद मिल रही है।
हादसों की आशंका भी काफी हद तक कम हो गई है। उधर जिला प्रशासन ने इस स्पीड ब्रेकर के कारगर रहने के बाद शहर से आने जाने वाले कालीबड़ी और हटलीमोड चौक पर भी इसी तरह के स्पीड ब्रेकर लगाने का मन बनाया है।
स्थानीय लोगों ने मुख्य चौराहों पर भी इसी तरह के हाईटेक स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग की है। जिला उपायुक्त रमेश कुमार ने कहा कि कालीबड़ी और हटलीमोड़ चौक पर लगातार हादसे बढ़ रहे थे।
समीक्षा के बाद तेज गति हादसों का एक मुख्य कारण सामने आया है। ऐसे में नेशनल हाईवे प्राधिकरण को स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए लिखा गया था।
जिसके बाद हाईवे पर स्पीड ब्रेकर लगा दिए गए हैं। शहर की ओर कालीबड़ी और हटलीमोड़ में भी स्पीड ब्रेकर लगाने पर विचार किया जा रहा है।