त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। त्योहारों को मनाने का असली मजा तो अपनों के साथ ही आता है। ऐसे में जम्मू में नौकरी, पढ़ाई या किसी अन्य कारणों से अपने घर से बाहर रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे फेस्टिव सीजन पर स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है।
नवरात्रि, दशहरा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के मद्देनजर उत्तर रेलवे ने जम्मू से लखनऊ के बरौनी के बीच स्पेशल ट्रेन 04646/ 04645 चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन 19 अक्तूबर से एक दिसंबर के बीच दोनों तरफ 14 फेरे लगाएगी। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
ट्रेन नंबर 04646 जम्मूतवी से बरौनी के लिए 19 अक्तूबर से 30 दिसंबर के बीच सात फेरे लगाएगी। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी और वीरवार को ही चलेगी। ट्रेन जम्मू से सुबह 5:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12:10 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04645 बरौनी से जम्मूतवी के लिए 20 अक्तूबर से एक दिसंबर के बीच सात फेरे लगाएगी। ट्रेन हर शुक्रवार को बरौनी से दोपहर 3:15 बजे चलेगी और अगले दिन रात 10:30 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
सफर में यह पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला छावनी, सहारनपुर, लक्सर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, छपरा ग्रामीण, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी और बछवाड़ा स्टेशन पर ठहरेगी।
त्योहारों को लेकर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी
जम्मू में रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को लेकर वीरवार को बैठक हुई। एडीजीपी रेलवे सुनील कुमार ने सुरक्षा के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। एडीजीपी ने पुराने और ताजा मामलों की समीक्षा की। जांच के तहत मामलों के शीघ्र निपटान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जांच अधीन मामलों को जल्द निपटाने के लिए कहा। त्योहारों के मद्देनजर अधिकारियों को गश्त और चेकिंग तेज करने को कहा, विशेष रूप से रेलवे स्टेशन जम्मू की रेल लाइन पर भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात करने पर जोर दिया।