मध्य कश्मीर के श्रीनगर से पीडीपी विधायक की सुरक्षा में लगा एसपीओ उनके घर से शुक्रवार को सात एके-47 राइफल व पिस्टल लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद श्रीनगर व आस-पास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही उसकी तलाशी के लिए व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया गया है। यह श्रीनगर के बीचोंबीच पहली ऐसी घटना है जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एसपीओ के ऊपर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है।
शहर के हाई सिक्योरिटी जोन वाले इलाके जवाहर नगर में पीडीपी विधायक एजाज मीर के सरकारी आवास से एसपीओ सरकारी हथियार लेकर फरार हो गया। एजाज दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के वाची से विधायक हैं। हथियार लेकर फरार एसपीओ उनकी सुरक्षा कवच में तैनात था। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि एसपीओ मौके से सात एके-47 राइफल व पिस्टल लेकर फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार एसपीओ की शिनाख्त आदिल बशीर शेख निवासी जैनापोरा शोपियां के रूप में हुई है। वह 11 मार्च 2017 में पुलिस में बतौर एसपीओ लगा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किसी आतंकी संगठन में शामिल हुआ है या नहीं।