पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कुछ साल में जम्मू कश्मीर पुलिस को नए हथियार और अन्य जरूरी उपकरण प्रदान करके मजबूत किया गया है। अभी भी कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जहां संसाधनों को अपग्रेड करने की जरूरत है।
वह शुक्रवार को पुलिस लाइन के दौरे के दौरान अधिकारियों और कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर उचित निर्देश दिए। उन्होंने कहा पुलिस को उन व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करना है जो राष्ट्रीय और सामाजिक विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं।
केंद्र सरकार की ओर से मिली सहायता की सराहना और एसपीओ को मुबारकबादी देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार ने एसपीओ के वेतन में वृद्धि की है यह बड़ा कदम है। डीजीपी ने आशा व्यक्त की कि हार्डशिप अलाउंस बढ़ाने की मांग को भी सरकार ने सहानुभूति पूर्वक देखा है।
डीजीपी ने कल्याण और आवास के संबंध में कर्मियों की शिकायतों को सुना और आश्वासन दिया कि इस संबंध में अधिक सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर डीआईजी वीके बिर्दी, इम्तियाज इस्माइल पर्रे, एसएसपी श्रीनगर, मनोज पंडित, शाम लाल ठाकुर मौजूद रहे।