जम्मू। भाजपा नेता राकेश पंडिता की आतंकियों द्वारा दो जून को हुई हत्या के बाद सेना ने जैश-ए मोहम्मद के आतंकी वकील शाह को मार गिराया है। प्रदेश भर में पंडिता के हत्यारे को मौत के घाट उतारने के बाद खुशी का माहौल रहा। वहीं, राकेश पंडिता के घर पर शनिवार को सन्नाटा रहा।
परिजन इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पंडिता की मां और बेटा बात करने से किनारा करते रहे। मां को बार-बार बताने पर कि उनके बेटे के हत्यारे को सेना ने मार गिराया है। इसके बावजूद हत्यारे की मौत पर कुछ नहीं कहा।
पंडिता के घर को जाने वाली गलियां भी सुनसान रहीं। लोगों की आवाजाही कम थी। आसपास के लोग भी कुछ कहने से टलते रहे। वहीं, प्रदेशभर में हत्यारे को मार गिराने की खबर फैलने के बाद खुशी का माहौल रहा। लोगों ने सेना की कार्रवाई को बढ़ी जीत करार दिया है। प्रदेशवासी इसी तरह अन्य आतंकियों का सफाया करने की मांग कर रहे हैं। ब्यूरो