जम्मू। अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को पहला जत्था भगवती नगर से कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया जाएगा। यात्रियों के काफिलों को आगे और पीछे दोनों तरफ बुलेटप्रूफ वाहनों से कवर किया जाएगा। इसमें आधुनिक हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कुछ ऐसे वाहन भी होंगे, जिसमें बैठे सुरक्षाकर्मी चारों दिशाओं पर नजर रखेंगे। भगवती नगर से लेकर नगरोटा तक कुछ जगहों पर स्नाइपर भी तैनात रहेंगे, जो यात्रा के काफिले की निगरानी करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि जम्मू से यात्रियों को करीब 500 सुरक्षाकर्मी लेकर जाएंगे। कश्मीर पहुंचने तक यात्रियों के काफिलों को अलग-अलग जिलों की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां एस्कार्ट करेंगी। सभी जिलों के डीएसपी स्तर के अफसर निजी तौर पर यात्रा के काफिले के साथ जाएंगे। इनके साथ संबंधित थाने का थानेदार भी रहेगा। यात्रा शुुरू होने से पहले पूरा इलाका ड्रोन से कवर किया जाएगा। शिविर से बाहर जाने से लेकर आगे पहुंचने तक ड्रोन से नजर रखी जाएगी। रवाना होने से पहले अर्द्धसैनिक बलों का दल सभी वाहनों की जांच करेगा कि कहीं किसी में कोई स्टिकी बम तो नहीं लगा रखा।