जम्मू। कोविड मामलों में कमी के बाद फिर से हालात सामान्य होते जा रहे हैं। इसके चलते शिक्षण गतिविधियां बहाल की जाने लगी हैं। नौंवी से 12वीं तक की ऑफलाइन पढ़ाई शुरू होने के बाद सोमवार से आठवीं तक स्कूल खुल जाएंगे। दो साल बाद आठवीं तक के समर जोन के बच्चे स्कूल आएंगे, जिसके लिए शिक्षण संस्थानों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। अधिक संख्या वाले स्कूलों में बच्चों को दो शिफ्टों में बुलाया जाएगा।
दो साल बाद सोमवार से समर जोन के आठवीं तक स्कूलों में ऑफलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी। बच्चों के आने से रौनक आएगी। कक्षा नौवीं से 12वीं तक के स्कूल पहले ही शुरू हो चुके हैं। कोविड के बाद पहली बार आठवीं तक के बच्चे स्कूल आ रहे हैं, जिस कारण स्कूल शिक्षा विभाग ने सुरक्षा एवं कोविड से संबंधित तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। अधिक नामांकन वाले स्कूलों में बच्चों को शिफ्ट में बुलाया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह नौ से दोपहर डेढ़ बजे और दूसरी साढ़े बारह से चार बजे तक होगी। जम्मू जिले में 1574 सरकारी और 879 निजी स्कूल हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्कूलों में शुरू हो रही ऑफलाइन पढ़ाई को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत स्कूल परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए मास्क अनिवार्य रहेगा। विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग सहित कक्षा में छह फीट की दूरी के नियम का पालन करना होगा। समर जोन के जिलों के सीईओ अपने स्तर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। कठुआ जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी पीएल थापा ने सभी जोनल शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर कक्षा आठवीं तक खुल रहे स्कूलों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जोनल शिक्षा अधिकारियों को नियमित स्कूलों का दौरा कर कोविड एअसोपी का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी जम्मू सूरज राठौड़ ने बताया कि जिले में 1574 सरकारी और 879 निजी स्कूलों हैं। सोमवार से कक्षा आठवीं तक के स्कूल खुल जाएंगे। दो साल के बाद आ रहे बच्चों को स्कूलों में तनाव मुक्त माहौल दिया जाएगा। स्कूलों में सैनिटाइजनेशन का काम पूरा हो चुका है। स्कूल प्रबंधकों को स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर स्कूलों में रैंडम कोविड जांच करने को भी कहा है।
इन नियमों का करना होगा पालन
- विद्यार्थियाें शिक्षकों के लिए मास्क अनिवार्य
- विद्यार्थियों की होगी थर्मल स्क्रीनिंग
- छह फुट की दूरी का करना होगा पालन
किस जिले में कितने मिडल स्कूल
जम्मू जिले में 300, उधमपुर में 278, सांबा में 148, कठुआ में 328, राजोरी में 412, रियासी में 148 और पुंछ में 304 मिडल स्कूल हैं। जम्मू और सांबा को छोड़ कर अन्य जिलों में दूरदराज के स्कूल विंटर जोन में आते हैं।
कक्षा नौवीं से 12वीं तक के स्कूल 14 फरवरी से खुल गए हैं। स्कूलों में बच्चों की संख्या भी बढ़ रही है। सोमवार से कक्षा आठवीं तक के बच्चे दो साल बाद स्कूल आ रहे हैं। इसे लेकर पहले ही दिशानिर्देश जारी किए हैं। कोविड एसओपी का पालन करना अनिर्वाय होगा।
- बीके सिंह, प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग
प्रमुख सचिव ने किया उमधुपर जिले के स्कूलों का दौरा
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव बीके सिंह ने उधमपुर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में विद्यार्थियों से मुलाकात कर कोविड एसओपी के पालन के साथ शिक्षा की सुविधा के बारे में जानकारी हासिल की। प्रमुख सचिव ने गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर का दौरा कर विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की। प्रिंसिपल को बेहतर शिक्षा सहित खेल सुविधाएं मुहैया करवाने, स्कूल परिसर में बॉस्केटबॉल कोर्ट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गवर्नमेंट हाई स्कूल मांड का दौरा कर प्रबंधकों को बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल ढांचा मुहैया करवाने और कक्षाओं में कोविड एसओपी का सख्ती से पालन करवाने पर जोर दिया।