राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचारक बैठक में पाकिस्तान की नापाक हरकतों के अलावा चीन की टेढ़ी नजर पर भी मंथन होगा। इसके बाद इस संबंध में केंद्र सरकार को सुझाव भी दिए जा सकते हैं।
रियासत में पहली बार 18 से 20 जुलाई तक जम्मू में होने वाली अखिल भारतीय प्रचारक बैठक में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत समेत भैयाजी जोशी, सुरेश सोनी, डॉ. कृष्ण गोपाल, बगिया जम्मू पहुंच गए।
दत्तात्रेय होसबले पहले से ही जम्मू में हैं। अखिल भारतीय प्रचारक बैठक के लिए संघ का शीर्ष नेतृत्व भागवत की अगुवाई में एजेंडे को तैयार करने के कार्य में जुट गया है। संघ नेताओं के अनुसार जम्मू कश्मीर में इतने बड़े स्तर की बैठक का साफ उद्देश्य है कि कश्मीर पर संघ अपनी नीति से एक बार फिर देश व पूरे विश्व को अवगत करवाएगा।