आरएस पुरा। गांव कुत्तम निजाम से गांव दबलैड को जोड़ने वाले मार्ग की खस्ताहाल को लेकर शनिवार को गांव के लोगों ने पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इस सड़क की हालत इतनी बदहाल है कि आने जाने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खस्ताहाल सड़क पर गाड़ी चलाना तो दूर पैदल चलना भी काफी मुश्किल हो गया है। सड़क पर गड्ढे होने पर जरा सी बारिश में पानी भर जाता है, और आए दिन कई लोग इनमें गिरकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई गांव को जोड़ने वाली अहम सड़क होने पर इस मार्ग पर कंकर डाले होने पर तारकोल नहीं डाला जा रहा।
विरोध प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमने कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से इस सड़क को बनाने की मांग की है, हमें सिर्फ आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं दिया जा रहा। सड़क की हालत खराब के होने कारण गांव में यात्री वाहन भी नहीं आते, जिससे हमें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द इस सड़क पर तारकोल डाल पक्का किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द मार्ग को पक्का नहीं किया गया, तो वो लोग आरएस पुरा में पहुंच विभाग के कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन में दलीप सिंह, बलवंत कुमार, गिरधारी लाल, जनक सिंह, मोनिका, सुषमा देवी, चरणजीत कौर, शक्ति देवी, विश्नों देवी, सत्या देवी, हर्ष कुमार आदि शामिल रहे।