गांव रजवाल की एससी बस्ती को जाने वाली सड़क की हालत खस्ता
ज्यौड़ियां। गांव रजवाल की मोहल्ला एससी बस्ती जाने वाली सड़क की हालत दयनीय है। सड़क पर वाहनों को चलाना दूर, पैदल चलना मुश्किल है। गांव के लोगों ने सड़क पर तारकोल डाल कर जल्द पक्का करने की मांग की है।
लोगों ने बताया कि कई साल से सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है। कोई सुध नहीं ले रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत रजवाल का सरकारी मिडिल स्कूल भी इसी सड़क पर पड़ता है। स्कूल आने वाले स्टाफ तथा बच्चों को भी इस जर्जर हालत सड़क का सामना करना पड़ता है। लोगों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे गाड़ियों को चलाना मुश्किल हो रहा है। ऑटो रिकशा या अन्य वाहन चालक इस सड़क पर वाहन लेकर आने को राजी नहीं होते हैं। इसके चलते मुख्य सड़क से आगे का सफर लोगों को पैदल ही करना पड़ता है। परेशान होकर पंचायत के लोगों ने रविवार को चौराहे पर रोष जताया।
इस मौके पर पंच राकेश कुमार, करतार चंद, अश्विनी कुमार, सुरिंदर कुमार, बिशन दास, करतार शर्मा, गुलशन कुमार, सेवानिवृत्त जेडईओ बाबू राम भगत, नंबरदार रतन भगत तथा वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस सड़क की लगभग तीन किलोमीटर तक लंबाई होगी। सड़क तर तारकोल डालने के लिए हम सांसद जुगल किशोर सहित कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से मिल चुके हैं। इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने बताया कि अगर जल्द सड़क की सुध नहीं ली गई तो हम लोग मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करेंगे।
------
इस सड़क की बहुत ही जर्जर हालत है। हम लोग कई बार विभाग को बता चुके हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मोहल्ले के लोग हमारे पास आते हैं, लेकिन हमारी सुनी नहीं जा रही है।
-ओमप्रकाश, सरपंच